भुवनेश्वर : इनर मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के 18 साहसी खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से चीन ने इंग्लैंड के खिलाफ पुरूष हॉकी विश्व कप का पूल बी का मैच शुक्रवार को यहां 2-2 से ड्रा खेला। यह भले ही सुनने में अजीब लगे लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि पहली बार विश्व कप में भाग ले रही चीन की टीम के सभी 18 सदस्य केवल एक प्रांत इनर मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र से हैं।
यह चीन के 34 प्रांतों में से एक है। इन 18 खिलाड़ियों ने जबर्दस्त खेल दिखाया और विश्व में सातवें नंबर के इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी क्षणों में गोल करके एक अंक हासिल किया। चीन की पुरूष हाकी टीम का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहा एशियाई खेल 2006 में दूसरे स्थान पर रहना है लेकिन विश्व कप के अपने पदार्पण मैच में उसने सभी को प्रभावित किया।
इंग्लैंड ने जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत की लेकिन झियाओपिंग गाओ ने पांचवें मिनट में शानदार मैदानी गोल करके चीन को बढ़त दिला दी। शुरू में गोल खाने के कारण इंग्लैंड आक्रामक हो गया। उसने पहले क्वार्टर में ही बराबरी का गोल कर दिया। उसकी तरफ से यह गोल मार्क ग्लेगहोर्न ने 14वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर किया। इसके बाद इंग्लैंड बढ़त हासिल करने के लिये जूझता रहा।
आखिर में यांग आओ की रक्षापंक्ति में गलती का फायदा उठाकर लियाम अन्सेल ने 48वें मिनट में इंग्लैंड को बढ़त दिला दी। लेकिन चीन ने हार नहीं मानी। उसने जवाबी हमला करके 59वें मिनट में पेनल्टी कार्नर हासिल किया और टलाके दु ने उसे बड़ी खूबसूरती से गोल में बदला।


Download Android App
Download iOS App



