एडिलेड : ऑस्ट्रेलिया ने आलराउंड खेल का प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को दूसरे वनडे में शुक्रवार को रोमांचक अंदाज में सात रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी दमदार नहीं रही और टीम 48.3 ओवर में 231 रन पर सिमट गयी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका को 50 ओवर में नौ विकेट पर 224 रन पर रोक दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 71 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 51 रन बनाये।
कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने 47 रन का योगदान दिया। आखिरी जोड़ी में लुंगी एनगिदी ने नाबाद 19 और इमरान ताहिर ने नाबाद 11 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन चाहिए थे लेकिन अंतिम जोड़ी 12 रन ही जुटा सकी। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 35 रन पर तीन विकेट, मिशेल स्टार्क ने 51 रन पर दो विकेट और जोश हेजलवुड ने 51 रन पर दो विकेट लिए।


Download Android App
Download iOS App



