Vaibhav Sooryavanshi को लेकर ब्रेट ली ने जाहिर किए जज़्बात, 15 साल के बल्लेबाज को दी ये खास सलाह

Summary :

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए उनकी उम्र को लेकर हो रही चर्चा को बेवजह बताया। उन्होंने कहा कि वैभव की असली पहचान उनकी शानदार बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज है। ली ने सलाह दी कि वैभव को बढ़ती शोहरत और दबाव को संभालने पर ध्यान देना चाहिए और उन पर अतिरिक्त दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। आईपीएल के बाद जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में अपने आक्रामक खेल से दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया है। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली भी इस युवा बल्लेबाज की एबिलिटी के कायल होते दिखाई दिए हैं। उन्होंने वैभव की उम्र को लेकर चल रही चर्चाओं को बेवजह बताते हुए कहा कि लोगों को उनकी उम्र के बजाय उनके खेल और काबिलियत पर ध्यान देना चाहिए।

ब्रेट ली के मुताबिक, अगर वैभव असल में 15 साल के हैं तो यह अपने आप में बेहद खास बात है। वहीं, अगर उनकी उम्र 17 या 18 साल भी हो, तब भी इससे उनकी क्रिकेट खेलने की काबिलियत पर कोई फर्क नहीं पड़ता। ली ने साफ कहा कि उन्हें वैभव की सही उम्र से ज्यादा इस बात में दिलचस्पी है कि वह मैदान पर किस तरह का क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने कहा कि, “वह अविश्वसनीय है। भारत के बाहर हर कोई पूछता है कि क्या वह सच में 15 साल का है। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसकी उम्र कितनी है। यह लड़का क्रिकेट खेलना जानता है।”

Brett Lee On Vaibhav Sooryavanshi: तेज गेंदबाजों के सामने भी नहीं दिखता डर

Brett Lee On Vaibhav Sooryavanshi
Brett Lee On Vaibhav Sooryavanshi (Source: Google)

ब्रेट ली ने वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्हें खास तौर पर इस युवा बल्लेबाज का तेज गेंदबाजों के खिलाफ आत्मविश्वास पसंद आया। आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव की 97 रनों की शानदार पारी ने ली को काफी प्रभावित किया था। उन्होंने बताया कि उस मुकाबले में तेज गेंदबाज लगातार अपनी पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन वैभव ने शॉर्ट गेंदों के सामने भी अपने खेलने के तरीके में कोई बदलाव नहीं किया।

ली के मुताबिक, वैभव सिर्फ अपनी ताकत के दम पर बड़े शॉट नहीं लगाते, बल्कि वह सही क्रिकेटिंग शॉट्स के जरिए भी तेजी से रन बनाने की एबिलिटी रखते हैं। यही बात उन्हें बाकी युवा बल्लेबाजों से अलग बनाती है।

शोहरत और दबाव को संभालना होगी असली चुनौती

Brett Lee On Challenges Of Vaibhav
Brett Lee On Challenges Of Vaibhav (Source: Google)

ब्रेट ली ने वैभव को लेकर एक अहम सलाह भी दी। उनका मानना है कि इस उम्र में अचानक मिलने वाली पॉपुलैरिटी, मीडिया की चर्चा और लोगों की उम्मीदों को संभालना युवा क्रिकेटर के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। ली ने कहा कि उन्हें वैभव की बल्लेबाजी या फॉर्म को लेकर ज्यादा चिंता नहीं है। बल्कि असली चुनौती यह होगी कि वह मानसिक रूप से बढ़ती शोहरत को किस तरह संभालते हैं। उन्होंने टीम मैनेजमेंट और वैभव के आसपास मौजूद लोगों से भी अपील की कि युवा खिलाड़ी पर जरूरत से ज्यादा दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए।

उनके मुताबिक, वैभव को अभी अपनी उम्र के दूसरे बच्चों की तरह जिंदगी का मज़ा लेने और बिना किसी दबाव के क्रिकेट खेलने का मौका मिलना चाहिए।

अगर वैभव के खिलाफ गेंदबाजी करते तो क्या करते ब्रेट ली?

Brett Lee Planning Against Vaibhav Sooryavanshi
Brett Lee Planning Against Vaibhav Sooryavanshi (Source: Google)

जब ब्रेट ली से पूछा गया कि अगर वह अपने क्रिकेट करियर के दौरान वैभव के खिलाफ गेंदबाजी करते तो उनकी प्लानिंग क्या होती, तो पूर्व तेज गेंदबाज ने दिलचस्प जवाब दिया। ली ने कहा कि वह सबसे पहले वैभव की बल्लेबाजी को करीब से समझने की कोशिश करते। इसके बाद वह उनके शरीर को निशाना बनाते हुए बाउंसर डालते। अगर वैभव उस गेंद पर छक्का भी जड़ देते, तो ली अपनी रणनीति बदलने के बजाय अगली गेंद पर फिर उन्हें चुनौती देते।

आईपीएल के बाद टीम इंडिया में भी मिली जगह

Vaibhav Sooryavanshi Career
Vaibhav Sooryavanshi Career (Source: Google)

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टी-20 टीम में भी जगह बनाई। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की। इस दौरे पर वैभव ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला। अब ब्रेट ली जैसे दिग्गज का उनकी एबिलिटी की तारीफ करना इस युवा बल्लेबाज के बढ़ते कद को दर्शाता है।

Read More: श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, Sai Sudarshan के बाहर होने पर ये 3 खिलाड़ी बन सकते हैं रिप्लेसमेंट

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले चार साल से पत्रकारिता के फिल्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं