दिग्गज भारतीय बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को टी-20 प्रारूप से बाहर किए जाने के सुझावों के बीच पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने धौनी का बचाव करते हुए उन्हें नसीहत दी है। सहवाग ने टीम के विकेटकीपर धोनी को टीम में अपनी भूमिका पहचानने की सलाह दी है। अपने बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले सहवाग ने कहा कि टीम प्रबंधन को रांची के खिलाड़ी धोनी को उनके किरदार के बारे में समझाना चाहिए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ राजकोट में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में भारतीय टीम को मिली हार के कारण धोनी आलोचनाओं से घिर गए हैं। इस मैच में धोनी ने 37 गेंदों में 49 रन बनाए थे, लेकिन टीम कुछ खास कमाल नहीं कर पाई और 40 रनों से हार गई। सहवाग ने कहा कि धोनी को टीम में अपनी भूमिका का एहसास होना चाहिए।
प्रतिद्वंद्वी टीम के दिए स्कोर को हासिल करने के लिए उन्हें शुरुआत से ही टीम की लय में बदलाव करना होगा। उन्हें हर एक गेंद पर रन लेना होगा। टीम प्रबंधन को धोनी को यह समझाना चाहिए। इस बीच, सहवाग ने टीम में धोनी की अहमियत का समर्थन करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम को इस समय धोनी की जरूरत है, यहां तक कि टी-20 क्रिकेट में भी। वह सही समय पर टीम से हट जाएंगे। वह किसी भी युवा खिलाड़ी का रास्ता नहीं रोकेंगे।


Download Android App
Download iOS App



