कोलकाता : मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भारत को आगामी एकदिवसीय विश्व कप खिताब का प्रबल दावेदार बताते हुए रविवार को यहां कहा कि यह देखना सुखद है कि हमारी क्रिकेट टीम दुनिया के किसी भी हिस्से और पिच पर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल सकती है। तेंदुलकर ने रविवार को कहा, ‘‘मैंने कई बर कहा है कि दुनिया के किसी भी हिस्से और किसी भी पिच पर खेलने के लिए हमारी टीम पूरी तरह संतुलित है।’
तेंदुलकर ने कहा, ‘‘जहां तक हमारी संभावनाओं (विश्व कप में) का सवाल है तो मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं कि हम उसके प्रबल दावेदार होंगे।’’ विश्व कप की मेजबान इंग्लैंड की टीम ने वेस्टइंडीज दौरे पर शुरुआती दो टेस्ट में खराब प्रदर्शन किया लेकिन तेंदुलकर का मानना है कि घरेलू परिस्थितियों में वनडे में उसकी टीम पूरी तरह अलग होगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले इस भारतीय खिलाड़ी ने कहा, ‘‘(विश्व कप में) किसी भी टीम का प्रदर्शन शुरूआत में लय हासिल करने पर निर्भर करेगा।
मेरा मानना है कि इंग्लैंड प्रबल दावेदार होगा जबकि न्यूजीलैंड की टीम छुपीरूस्तम हो सकती है।’’ न्यूजीलैंड को घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला में भारत से शिकस्त मिली लेकिन विश्व कप में टीम शानदार प्रदर्शन कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड ने श्रृंखला में संघर्ष किया लेकिन उनकी टीम अच्छी है।’’


Download Android App
Download iOS App



