जोहानिसबर्ग : दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक और लंबे समय तक दक्षिण अफ्रीका के आक्रमण के अगुआ रहे डेल स्टेन ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया लेकिन वह खेल के छोटे प्रारूपों में खेलते रहेंगे। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने वाले 36 साल के स्टेन ने कहा, ‘आज मैं खेल के उस प्रारूप को अलविदा कह रहा हूं जिसे मैं सबसे अधिक चाहता हूं।
स्टेन ने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ पोर्ट एलिजाबेथ में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट मैच इसी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ इस साल फरवरी में खेला था। वह एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय खेलने के लिये उपलब्ध रहेंगे। स्टेन ने कहा, ‘‘मेरी राय में टेस्ट क्रिकेट इस खेल का सर्वश्रेष्ठ प्रारूप है।
यह मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से आपकी परीक्षा लेता है। यह सोचकर बहुत बुरा लग रहा है कि मैं आगे टेस्ट नहीं खेल पाऊंगा लेकिन फिर कभी नहीं खेल पाने के बारे में सोचकर तो रूह ही कांप उठती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैं अब अपना पूरा ध्यान वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय पर लगाऊंगा।


Download Android App
Download iOS App



