सरांस्क : स्ट्राइकर यूसुफ युरारी पॉलसन के दूसरे हाफ में किये गये गोल और क्रिस्टियन कुएवा की पेनल्टी में चूक के सहारे डेनमार्क ने फीफा विश्व कप 2018 के ग्रुप सी के मैच में आज यहां पेरू को 1-0 से हराकर अपने अभियान का सकारात्मक आगाज किया। पेरू ने लगातार हमले किये लेकिन अंतिम क्षणों की चूक के कारण आखिर में उसे हार का सामना करना पड़ा। यही नहीं पहले हाफ के आखिरी क्षणों में कुएवा का पेनल्टी चूक जाने का भी 36 साल बाद विश्व कप में भाग ले रहे पेरू को नुकसान उठाना पड़ा। इस बीच पॉलसन ने 59वें मिनट में गोल करके डेनमार्क को बढ़त दिलायी जो आखिर में निर्णायक साबित हुई। यह गोल भले ही पॉलसन ने किया लेकिन इसमें डेनमार्क के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियन एरिक्सन की भूमिका अहम रही जो मैदान के बीच से गेंद लेकर आगे बढ़े थे।
उन्होंने बड़ी कुशलता से पेरू की रक्षापंक्ति में सेंध लगायी और फिर बड़ी खूबसूरती से उसे पॉलसन की तरफ बढ़ाया जिन्होंने दस गज की दूसरी से गोलकीपर पेड्रो गालिसे को छकाकर गोल किया। इससे पहले पेरू को 44वें मिनट में वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) की मदद से पेनल्टी मिली। यह विश्व कप में दूसरा अवसर था जबकि इस प्रणाली का उपयोग किया गया। तब डेनमार्क के पॉलसन ने कुएवा को बाक्स के अंदर गिरा दिया था। कुएवा पेनल्टी लेने के लिये आये लेकिन उनका शॉट हवा में लहराता हुआ क्रास बार के काफी ऊपर से बाहर चला गया। ये दोनों टीमें 2016 से लगातार 15 मैच तक अजेय रही है। डेनमार्क अपने इस रिकार्ड को बरकरार रखने में सफल रहा जबकि पेरू का अभियान थम गया। वैसे पेरू ने कई अच्छे प्रयास किये। उसने पहले 25 मिनट में डेनमार्क के दायें छोर से अच्छे मूव बनाये और इस बीच गोल पर भी शॉट जमाये।
डेनमार्क ने नवंबर में आयरलैंड के खिलाफ 5-1 की जीत के बाद कोई गोल नहीं गंवाया और उसने यह क्रम जारी रखा। पेरू ने हालांकि शुरू में उसके इस रिकार्ड को खतरे में डाल दिया था। पेरू के आंद्रे कैरिलो के पास शुरू में ही गोल करने का मौका था लेकिन डेनमार्क के गोलकीपर कास्पर स्माइकल ने उनका हमला नाकाम कर दिया। डेनमार्क को पहले हाफ में विलियम क्विस्ट के चोटिल होकर मैदान छोड़ने से भी झटका लगा। उनकी जगह लासे शोन मैदान पर उतरे। डेनमार्क के पास गोल करने का सुनहरा मौका 39वें मिनट में आाया लेकिन गोलकीपर गालिसे ने शानदार बचाव करके पेरू पर आया संकट टाला। डेनमार्क को तब बाक्स के पास फ्री किक मिली। एरिक्सन की फ्री किक पेरू के खिलाड़ियों से टकरा गयी लेकिन रिबाउंड से गेंद लासे शोन के पास पहुंची जिन्होंने गोल पर करारा शाट जमाया लेकिन गोलकीपर ने उसे बचा दिया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



