जकार्ता : कुश्ती में भारत के पदक अभियान को बरकरार रखते हुये महिला पहलवान दिव्या काकरान ने 68 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया। भारत की दो महिला पहलवान दिव्या काकरान (68) और किरण (76) तथा दो ग्रीको रोमन पहलवान ज्ञानेंद्र (60) और मनीष (67) मुकाबलों में उतरे लेकिन इनमें से दिव्या ही कांस्य पदक राउंड में जा पायीं और उन्होंने मात्र एक मिनट 29 सेकंड में ताइपे की वेनलिंग चेन को 10-0 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर धूल चटा दी।
इस तरह भारत ने कुश्ती में तीसरे दिन भी पदक हासिल किया। भारत का इन खेलों में यह 10वां पदक है। विनेश के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद दिव्या ने देश को एक और पदक दिलाया। दिव्या को क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की तुमेनसेतसेग शारखु से 1-11 से हार का सामना करना पड़ा। दिव्या ने पहले ही मिनट में चेन को अपने दांव में दबोचते हुये एक के बाद एक अंक जुटाये और स्कोर 6-0 पहुंचा दिया।
आमिर खान ने Vinesh Phogat को एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर इस तरह दी बधाई
दिव्या ने चेन को फिर पकड़ और लगातार अंक लिये जिसके साथ ही 10-0 पर मुकाबला समाप्त हो गया। दिव्या ने अपनी जीत के बाद एशियाई खेलों के अपने पहले पदक की खुशी का इजहार किया। 76 किग्रा में किरण को क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान की मेदेत किजी एपेरी ने 4-2 से हराया।


Download Android App
Download iOS App



