हैमिल्टन : न्यूजीलैंड ने 375 रन बनाने के बाद इंग्लैंड के दो विकेट जल्दी चटकाकर दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन अपना पलड़ा भारी रखा। न्यूजीलैंड की टीम जब 191 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी तब पहले टेस्ट के हीरो बीजे वाटलिंग (55) ने पदार्पण कर रहे डेरिल मिशेल (73) के साथ छठे विकेट के लिए 124 रन जोड़कर पारी को संभाला।
इसके जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने दिन का खेल खत्म होने तक सलामी बल्लेबाज डाम सिब्ले (04) और जो डेनली (04) के विकेट गंवाकर दो विकेट पर 39 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने पर सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स 24 जबकि कप्तान जो रूट छह रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 173 रन से की लेकिन जल्द ही कल के दोनों नाबाद बल्लेबाजों टाम लैथम (105) और हेनरी निकोल्स (16) के विकेट गंवा दिए। लैथम को स्टुअर्ट ब्राड (73 रन पर चार विकेट) ने बोल्ड किया जबकि निकोल्स को सैम कुरेन (63 रन पर दो विकेट) ने ब्राड के हाथों कैच कराया। पहले टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले वाटलिंग और मिशेल ने पारी को संवारा।
ब्राड ने इन दोनों को आउट करके इंग्लैंड को वापसी दिलाई। न्यूजीलैंड के अंतिम चार विकेट 60 रन जोड़ने में सफल रहे जिससे मेजबान टीम 350 से अधिक का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। न्यूजीलैंड की रग्बी टीम के पूर्व कोच और अब इंग्लैंड के सहायक रग्बी कोच जान मिशेल के बेटे आलराउंडर डेरिल मिशेल ने बेन स्टोक्स पर चौके के साथ अपना पहला टेस्ट अर्धशतक बनाया।


Download Android App
Download iOS App



