रेपिनो : कप्तान हैरी केन के इंजरी टाइम में दागे गोल की बदौलत किसी बड़े टूर्नामेंट में 12 साल में पहली बार विजयी शुरूआत करने वाली इंग्लैंड की टीम यहां पनामा के खिलाफ जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी। दो बार के प्रीमियर लीग के गोल्डन बूट विजेता केन 1990 में गैरी लिनेकर के बाद विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से किसी मैच में दो गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने जिससे टीम ने विश्व कप के अपने पहले मैच में ट्यूनीशिया को हराया। वोल्गोग्राद में हालांकि केन के टीम के अन्य साथी उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहे और पहले हाफ में कई आसान मौकों को गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे।
रहीम स्टर्लिंग और जेसी लिंगार्ड ने ट्यूनीशिया के खिलाफ निराश किया जिसके कारण पनामा के खिलाफ स्टर्लिंग के स्थान पर खतरा मंडरा रहा है। प्रीमियर लीग चैंपियन मैनचेस्टर सिटी की ओर से क्लब स्तर पर सत्र में 23 गोल करने वाले स्टर्लिंग पिछले 21 अंतरराष्ट्रीय मैचों में गोल करने में नाकाम रहे हैं। इंग्लैंड को अगर ग्रुप जी में शीर्ष पर जगह बनानी है तो पनामा के खिलाफ काफी गोल करने होंगे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



