इंडियन वेल्स : विश्व के नंबर एक खिलाड़ी स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर ने अपनी जबरदस्त लय को बरकरार रखते हुये इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, वहीं महिलाओं में शीर्ष रैंक खिलाड़ी रोमानिया की सिमोना हालेप ने भी तेज हवाओं के बीच अपना मैच जीत कर अंतिम चार में जगह बना ली है। फेडरर ने फ्रांस के जर्मी चार्डी को 7-5, 6-4 से पराजित कर अंतिम आठ में जगह बना ली। 36 वर्षीय स्विस मास्टर ने ओपनिंग सेट में केवल तीन अंक ही गंवाये और दूसरे सेट में बैकहैंड विनर्स से चार्डी की सर्विस ब्रेक कर 4-4 पर स्कोर बराबर किया।
पांच बार के चैंपियन ने एक घंटे 22 मिनट में फिर सेट और मैच जीत लिया। साथ वह इस वर्ष उन्होंने लगातार 15 मैच जीतने की उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। आखिरी बार वर्ष 2006 में उन्होंने 15-0 का रिकार्ड बनाया था और उस वर्ष तीन ग्रैंड स्लेम सहित 12 खिताब जीते थे। फेडरर का अगले दौर में दक्षिण कोरिया के चुंग हियोन से मुकाबला होगा जिन्होंने उरूग्वे के पाब्लो क्यूवास को आसानी से 6-1, 6-3 से मात दी। फेडरर और हियोन के बीच क्वार्टर फाइनल को इस वर्ष का आस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनल री-मैच भी कहा जा रहा है जहां दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को पैर में फोड़े की वजह से मैच छोड़ना पड़ा था।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



