लखनऊ : केरल ने यहां आयोजित 59वीं राष्ट्रीय अंतर्राज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया जबकि हरियाणा की अंजलि देई को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट का खिताब मिला। प्रतियोगिता के अंतिम दिन स्टार एथलीट दुती चंद ने 100 मीटर की दौड़ जीत ली। लेकिन वह विश्व चैंपियनशिप का क्वालीफिकेशन मार्क नहीं हासिल कर सकीं।
ओडिशा की दुती चंद ने 100 मीटर की रेस पूरी करने में 11.38 सेकेंड का समय लिया। लेकिन वह 11.26 सेकेंड के अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पायीं। वह विश्व चैंपियनशिप के लिए 11.24 सेकेंड के क्वालीफिकेशन मार्क से भी दूर रहीं। केरल ने महिला चैंपियनशिप 80 अंकों के साथ और पुरुष चैंपियनशिप 64 अंकों के साथ जीती।
केरल ने इस तरह कुल 144 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप जीत ली। हरियाणा की अंजलि ने 400 मीटर की दौड़ 51.53 सेकेंड में जीती थी जिसके लिए उन्हें 1145 अंक मिले। ईरान के मेहदी पिरिजाहन ने 400 मीटर बाधा दौड़ 49.33 सेकेंड में जीती जिसके लिए उन्हें 1163 अंक मिले और वह सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट बने।


Download Android App
Download iOS App



