अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के साथ शुक्रवार को दुबई के लिए रवाना नहीं हो पाएंगे। एक रिपोर्ट के अनुसार, हरभजन एक सप्ताह या 10 दिन बाद दुबई पहुंच पाएंगे। आईपीएल की शुरुआत इस बार 19 सितंबर से यूएई में हो रही है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि निजी कारणों से चेन्नई में लगी कैम्प में शामिल नहीं हो पाने वाले आलराउंडर रवींद्र जडेजा शुक्रवार को टीम के साथ ही दुबई के लिए रवाना होंगे। हरभजन के अलावा फाफ डु प्लेसिस और लुंगी एनगिदी सितंबर की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका से सीधे दुबई जाएंगे जबकि इमरान ताहिर, मिशेल सेंटनर और ड्वैन ब्रावो इस समय कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में खेल रहे हैं, इसलिए ये खिलाड़ी बाद में टीम से जुड़ेंगे।
इस बीच, किंग्स इलेवन पंजाब की टीम गुरुवार को दुबई के लिए रवाना हो गई। फ्रेंचाइजी ने अपने खिलाड़ियों की गुरुवार सुबह यूएई की रवानगी के समय की एक फोटो पोस्ट की है। टीम ने कैप्शन के साथ लिखा, अपने मुंडे लॉयन आफ द दुबई। दुबई पहुंचने के बाद सभी अधिकारी और खिलाड़ी क्वारंटीन में रहेंगे।


Download Android App
Download iOS App



