भुवनेश्वर : भारतीय पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार को यहां दो मैचों के हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर के पहले मैच में रूस की कमजोर मानी जाने वाली टीम के खिलाफ उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सकी लेकिन इसके बावजूद मेजबान टीम ने मनदीप सिंह के दो गोल की बदौलत 4-2 से जीत दर्ज की। मनदीप ने 24वें और 53वें मिनट में दो मैदानी गोल दागे जबकि हरमनप्रीत सिंह (पांचवें मिनट) और एसवी सुनील (48वें मिनट) ने भी भारत की ओर से एक-एक गोल किया।
दोनों टीमों के स्तर और विश्व रैंकिंग में बड़े अंतर के कारण एकतरफा मुकाबले की उम्मीद की जा रही थी लेकिन दुनिया की 22वें नंबर की रूस की टीम ने अपने जुझारू खेल से मेजबान टीम को हैरान किया और हार के अंतर को सिर्फ दो गोल तक सीमित रखा। दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत कल होने वाले दूसरे चरण के मुकाबले को हल्के में नहीं ले सकती क्योंकि रूस ने दिखा दिया है कि उनकी टीम उलटफेर करने में सक्षम है।
दोनों मैचों के कुल स्कोर के आधार पर जीत दर्ज करने वाली टीम तोक्यो ओलंपिक खेल 2020 के लिए क्वालीफाई करेगी। मैच की शुरुआत काफी तेज हुई। तीसरे ही मिनट में रूस के पावेल गोलुबेव के प्रयास को भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने नाकाम किया।
दो मिनट बाद रूस के गोलकीपर मरात गफारोव ने भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह के शाट को रोका लेकिन इसके बाद उनके खिलाफ फाउल हुआ। मेजबान टीम ने वीडियो रैफरल का सहारा लिया जिससे टीम को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदला। रूस को इसके बाद पेनल्टी कार्नर मिला लेकिन टीम गोल नहीं दाग सकी।


Download Android App
Download iOS App



