पर्थ : भारत-ए की पुरुष हॉकी टीम ने आस्ट्रेलिया दौरे पर सोमवार को खेले गए अपने तीसरे मैच में आस्ट्रेलिया-ए टीम को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 56वें मिनट में बराबरी का गोल किया। मैच का पहला गोल किरन अरुनसलाम ने 21वें मिनट में किया था। इस दौरे पर भारत-ए को पांच मैच खेलना है। अब तक भारतीय टीम अजेय है। उसने आस्ट्रेलिया-ए को पिछले मैच में 3-0 से हराया था और उससे पहले वेस्टर्न आस्ट्रेलिया थंडरस्टिक्स टीम पर 2-0 की जीत के साथ दौरे की शुरुआत की थी।
अब भारत को आस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम के साथ दो मैच खेलने हैं। टीम नवनियुक्त कोच ग्राहम रीड की देखरेख में पहली बार खेल रही है। रीड ने अपनी देखरेख में खेले गए तीसरे मैच के बाद कहा कि पहले क्वार्टर में हमारा खेल स्तरीय नहीं रहा। दूसरे, तीसरे और चौथे क्वार्टर में हम लय हासिल करने में सफल रहे।
हमारे लिए पेनाल्टी कार्नर को गोल में नहीं बदल पाना चिंता का विषय है। हमें इसमें सुधार करना होगा क्योंकि अब हमारा सामना मजबूत टीम से है। भारतीय टीम को बुधवार को मेजबान राष्ट्रीय टीम से भिड़ना है। यह भारत के लिए काफी अहम मैच होगा क्योंकि रीड की तैयारियों का पता इसी मैच के माध्यम से लगेगा। देखने वाली बात होगी कि भारत अपना विजयक्रम बनाए रख पाता है या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



