कोलंबो : दिल्ली के युवा बल्लेबाज हिम्मत सिंह के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की बदौलत भारत एमर्जिंग टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) एकदिवसीय एमर्जिंग टीम कप के ग्रुप ए में श्रीलंका एमर्जिंग टीम को चार विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत से शीर्ष स्थान हासिल किया। श्रीलंका के 261 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 22 साल के हिम्मत की 140 गेंद में 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 126 रन की पारी की बदौलत 15 गेंद शेष रहते छह विकेट पर 261 रन बनाकर जीत दर्ज की।
हिम्मत ने सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ (67) के साथ तीसरे विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी भी की। इससे पहले श्रीलंका की टीम शिवम मावी (62 रन पर तीन विकेट) और एम प्रसिद्ध कृष्णा (47 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 260 रन ही बना सकी।
श्रीलंका की ओर से अविष्का फर्नांडो ने सर्वाधिक 80 रन बनाए जबकि असेला गुणारत्ने ने 64 गेंद में नाबाद 67 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही जब तेज गेंदबाज असित फर्नांडो (20 रन पर दो विकेट) ने 20 रन तक ही सलामी बल्लेबाज तायडे (0) और नितीश राणा (13) को पवेलियन भेज दिया।
हिम्मत और गायकवाड़ ने इसके बाद शतकीय साझेदारी करके भारत को मुश्किल हालात से उबारा। बायें हाथ के स्पिनर लसिथ अंबुलदेनिया ने गायकवाड़ को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। हिम्मत और दीपक हुड्डा (26) ने इसके बाद टीम का स्कोर तीन विकेट पर 209 रन तक पहुंचाया।
हिम्मत ने शेहान मधुशंका की गेंद पर एक रन के साथ 117 गेंद में अपने लिस्ट ए करियर का दूसरा शतक पूरा किया। कामिंदु मेंडिस (51 रन पर तीन विकेट) ने इस बीच हुड्डा, सिमरन सिंह (03) और जयंत (09) को पवेलियन भेजा लेकिन हिम्मत ने एक छोर संभाले रखा आैर टीम को जीत दिला दी।


Download Android App
Download iOS App



