किंगस्टन : भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार से शुरू हो रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के अपने दूसरे मैच में ‘क्लीन स्वीप’ के इरादे से उतरेगी जबकि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम प्रबंधन के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। पहला टेस्ट 318 रन से जीत चुकी भारतीय टीम सबीना पार्क में दूसरे मैच में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी।
दूसरी ओर मेजबान टीम पांच दिवसीय मुकाबले की कसौटी पर खरी नहीं उतर सकी है। भारत के गेंदबाजी कोच भरत अरूण ने कहा कि यहां परिस्थितियां अच्छी है और पिच भी बढिया लग रही है। हमें एक और अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। पहले मैच में जसप्रीत बुमराह ने छह और ईशांत शर्मा ने आठ विकेट लेकर वेस्टइंडीज की कमजोरियों की कलई खोल दी। उनका इरादा इस प्रदर्शन को बरकरार रखने का होगा। इतनी बड़ी जीत के बाद भारत अंतिम एकादश में बदलाव शायद ही करे।
टीमें इस प्रकार : भारत : विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, रिधिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव।
वेस्टइंडीज : जैसन होल्डर (कप्तान), क्रेग ब्रेथवेट, डेरेन ब्रावो, शमारा ब्रूक्स, जान कैंपबेल, रोस्टन चेज, रकहीम कार्नवाल, शेन डोरिच, शेनोन गैब्रियल, शिमरोन हेटमायेर, शाइ होप, कीमो पाल, केमार रोच।
पंत की फार्म चिंता का सबब
पंत की फार्म चिंता का सबब है। उन्हें महेंद्र सिंह धोनी का वारिस माना जा रहा है लेकिन उनके आउट होने के तरीके से यह चिंता पैदा हुई है। इस दौरे पर उन्होंने 0, 4, नाबाद 65 , 20 , 0, 24 और सात रन बनाये हैं। साहा के ड्रेसिंग रूम में लौटने से अब पंत मौके को हलके में नहीं ले सकते।
पहले टेस्ट की दूसरी पारी में उनके पास बिना किसी दबाव के खुलकर खेलने का मौका था लेकिन वह खराब शाट खेलकर आउट हो गए। टी20 श्रृंखला में एक अर्धशतक को छोड़कर वह कोई कमाल नहीं कर सके। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल भी पहले टेस्ट में फार्म में नहीं थे लेकिन उन्हें एक और मौका मिलने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



