भारतीय फैंस को उम्मीद, Final मुकाबले में चलेगा Rohit Sharma का बल्ला

Summary :

प्रयागराज के फैंस को रोहित शर्मा पर भरोसा

दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। टीम संतुलन की बात करेंं तो भारत की टीम न्यूजीलैंड पर भारी है। हालांकि, न्यूजीलैंड के पास भी अच्छी गेंदबाजी और बल्लेबाजी हैं। लेकिन, दुबई की पिच पर लीग मैच में फाइनल मुकाबले से पहले भारत के हाथों न्यूजीलैंड को हार का सामना करना पड़ा था। अब फाइनल में भारत एक बार फिर न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। टीम इंडिया की जीत के लिए भारत में भी दुआओं का दौर जारी है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में क्रिकेट फैंस द्वारा उम्मीद जताई जा रही है कि भारत रविवार को न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जरूर जीतेगा। कुछ क्रिकेट फैंस के साथ न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने बातचीत की।

एक क्रिकेट प्रशंसक ने कहा कि हमारे पास अच्छे स्पिनर हैं, जो न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को जल्द आउट करने की क्षमता रखते हैं। गेंदबाजी के अलावा हमारे पास बल्लेबाजी का भी अच्छा क्रम है। टीम में सलामी बल्लेबाज अच्छी शुरुआत दे रहे हैं और मिडिल ऑर्डर में पूर्व कप्तान विराट कोहली अच्छी लय में टीम को जीत के नजदीक पहुंचा रहे हैं। लीग मैच में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने सेंचुरी लगाई। सेमीफाइनल मुकाबले में एक महत्वपूर्ण पारी खेली। जिसके दम पर भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराया और फाइनल में पहुंची।

वहीं, दूसरे क्रिकेट प्रशंसक का कहना है कि इस टूर्नामेंट में भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले से ज्यादा रन नहीं आए हैं। हालांकि, वह एक बड़े प्लेयर हैं और बड़े मैचों में हमेशा उनका बल्ला चलता है। उम्मीद है कि फाइनल मुकाबले में रोहित का बल्ला चलेगा और वह सेंचुरी लगाएंगे।

एक अन्य क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि फाइनल मुकाबले में सिर्फ रोहित ही नहीं, बल्कि रन मशीन व‍िराट कोहली के बल्ले से भी रन बरसेंगे। हम उम्मीद कर रहे हैं भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा मैच खेलते हुए जीत सुनिश्चित करेगा।

–आईएएनएस

डीकेएम/सीबीटी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.