जकार्ता : गत चैम्पियन शरद कुमार ने पुरूषों की ऊंची कूद स्पर्धा में गुरूवार को एशियाई पैरा खेलों में दो नये रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले 26 साल के इस खिलाड़ी ने ऊंची कूद की टी42/63 वर्ग में 1.90 मीटर की कूद के साथ एशिया और इन खेलों का रिकार्ड बनाया। टी42/63 वर्ग पैर के निचले हिस्से के विकलांगता से जुड़ा है।
इस स्पर्धा का रजत रियो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता वरूण भाटी (1.82 मीटर) जबकि कांस्य पदक थंगावेलु मरियाप्पन (1.67) ने जीता। खास बात यह है कि मरियाप्पन ने रियो ओलंपिक में स्वर्ण जीता था। बिहार के शरद का बाया पैर लकवाग्रस्त हो गया था, वह जब दो साल के थे तब पोलियो रोधी अभियान के दौरान मिलावटी दवा लेने के कारण उनकी यह स्थिति हुई।
मनीष और एकता ने जीते गोल्ड
400 मीटर में अवनिल को कांस्य : पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में अवनिल कुमार 52 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता। ईरान के ओमिद जारिफसनायेई ने 51.41 सेकेंड के साथ स्वर्ण जबकि थाईलैंड के सोंगवुट लैमसन ने रजत पदक जीता। कुमार मामूली अंतर से रजत से चूक गये। ट्रैक एवं फील्ड के अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक हासिल किये। आनंदन गुणसेकरम ने पुरूषों के टी44, 62/64 वर्ग में रजत जबकि विनय कुमार ने कांस्य हासिल किया।
इसी स्पर्धा के टी 45/46/47 वर्ग में संदीप मान ने कांस्य पदक जीता। इन दोनों ही वर्गों पैर के ऊपरी हिस्से के विकलांगता से जुड़ा है। महिलाओं के 400 मीटर के टी12 (दृष्टि बाधित) वर्ग में राधा वेंकटेश ने कांस्य पदक हासिल किया। तैराकी में भारत के स्वप्निल पाटिल पुरुषों के 400 मीटर फ्रीस्टाइल (एस10) में कांसे का तमगा हासिल किया।


Download Android App
Download iOS App



