कोलकाता : अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) ने अगले वर्ष 2018 से होने वाले अंतरराष्ट्रीय फुटबाल मैचों में संचालन के लिये भारत से कुल 16 रेफरियों को अपने फीफा पैनल में शामिल किया है। अखिल भारतीय फुटबाल संघ (एआईएफएफ) ने शुक्रवार को बताया कि फीफा की इस सूची में एक महिला सहित कुल सात रेफरी तथा नौ सह रेफरी शामिल हैं जिनमें दो महिलाएं भी हैं। फीफा की रेफरी समिति ने इस सूची को अपनी सहमति दी है।
एआईएफएफ के निदेशक रेफरी कर्नल गौतम कार (सेवानिवृत्त) ने कहा’ इस पैनल में कुछ नये चेहरे भी शामिल हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भारतीय अधिकारी इस फीफा रेफरी पैनल का हिस्सा बनकर मेहनत से काम करें और देश का नाम रौशन करें।’उन्होंने कहा अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारतीय रेफरियों ने कमाल की भूमिका निभाई है जिसमें एएफसी और विश्वकप क्वालिफायर, एएफसी चैंपियंस लीग मैच, एएफसी मैच और एएफसी एशियन कप यूएई 2019 क्वालिफिकेशन मैचों में उनकी भूमिका कमाल की रही है। इसमें सबसे अहम महिला रेफरियों को पैनल का हिस्सा बनाना है जिससे साफ है कि देश में अधिक से अधिक महिला रेफरी इस पेशे में आगे आ रही हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में यूवेना फर्नांडिज को फीफा विश्वकप फाइनल में बतौर सह रेफरी चुना गया था जो यह उपलब्धि दर्ज करने वाली देश की पहली महिला थीं। उन्होंने जापान और कोरिया के बीच जार्डन में हुये अंडर-17 महिला विश्वकप में रेफरी का जिम्मा संभाला था। फीफा रेफरी पैनल में चुने गये भारतीयों में प्रांजल बनर्जी, रोवन अरूमुघन, श्रीकृष्णा रामास्वामी, तेजय नागवेंकर, वेंकटेश रामचंद्रन, मुरिनगोथुमालिल भास्करन, संतोष कुमार, सह रेफरियों में टोनी जोसफ लुईस, असित कुमार सरकार, केनेडी सापम, अरूण पिलाई, समर पाल, एंथोनी अब्राहम, सुमांता दत्ता शामिल हैं। महिला रेफरी में रंजीता देवी तेकचाम और सह रेफरी महिला में यूवेना फर्नांडिज तथा रिहोलांग धर शामिल हैं।
लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



