INDvsNZ : कोहली ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड जो आज से पहले बड़े से बड़ा दिग्गज नहीं बना पाया

Summary :

टीम इंडिया ने विराट कोहली की कप्तानी में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में 372 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

टीम इंडिया ने विराट कोहली की कप्तानी में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में 372 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ विराट कोहली के नाम एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड जुड़ गया है जिसे आजतक क्रिकेट का बड़ा से बड़ा धुरंधर नहीं बना सका। विराट कोहली दुनिया के पहले ऐसे क्रिकेटर बन गए हैं, जो टीम की ओर से तीनों फॉर्मेट में कम से कम 50 जीत में शामिल रहे हैं। विराट कोहली खिलाड़ी के तौर पर 50 टेस्ट, 153 वनडे इंटरनैशनल और 59 टी20 इंटरनैशनल मैच जीत चुके हैं। विराट के अलावा दुनिया का कोई और ऐसा खिलाड़ी नहीं है, जो तीनों फॉर्मेट में कम से कम 50 जीत देख पाया हो।

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम की। पहला टेस्ट मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला गया था, जोकि ड्रॉ रहा था। कानपुर टेस्ट में विराट की गैर मौजूदगी में अजिंक्य रहाणे ने टीम की कमान संभाली थी। मुंबई टेस्ट के साथ विराट ने टीम में वापसी की और टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई। यह मैच बल्लेबाज के तौर पर हालांकि विराट के लिए कुछ खास नहीं रहा। विराट पहली पारी में बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि दूसरी पारी में 36 रन बनाकर अपना विकेट गंवाया।

Desk Team