भारत और इंग्लैंड के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 5 फरवरी को होना है। इस सीरीज के पहले दो मुकाबले चेन्नई के एम चिदंबरम में खेले जाएंगे। वहीं आखिरी के दो टेस्ट मैच अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में होने हैं। भारतीय टीम ने साल 2012 के बाद से अपनी सरजमी पर कोई टेस्ट सीरीज अपने हाथ से नहीं जाने दी है। फिलहाल इंग्लैंड टीम श्रीलंका को 2-0 से उसी के घर धूल चटाकर वापस आई है। जिसके बाद अब टीम भारत पहुंची है।

वहीं टीम इंडिया भी पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचने के बाद स्वदेश लौटी है। ऐसे में भारत और इंग्लैंड के हालिया फॉर्म को देखते टेस्ट सीरीज काफी ज्यादा दिलचस्प होने वाली है। इस बीच चेतेश्वर पुजारा की लंबी पारियां खेलने की काबिलियत को देखते हुए इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने गुरुवार को उनके विकेट और उनकी तरह बल्लेबाजी करने को बेहद महत्वपूर्ण करार दिया।

जो रूट ने हाल ही में पुजारा के बारे में बात करते हुए कहा,मुझे लगता है कि पुजारा एक बेहद शानदार खिलाड़ी हैं। मेरे को यॉर्कशायर की तरफ से खेलते हुए उनके साथ कुछ मैच खेलने का ही चांस मिला है और इस दौरान उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है।

साथ ही उनके साथ बैटिंग को लेकर बातचीत भी हुई और उनका खेल के प्रति प्यार यह सब काफी अच्छा था। इसके साथ उनके खिलाफ भी खेल चुका हूं, उनके द्वारा खेली गई बड़ी पारियां और उन्हें क्रीज पर लंबे समय तक समय बिताते हुए भी देखा है, आप जानते हैं कि आप इस तरह की पारियों से सीखते हैं।

इंग्लैंड के कप्तान ने तो यहां तक कहा कि उनके बल्लेबाजों को भी लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी चाहिए और देखना चाहिए कि वे पुजारा की तरह मानसिक रूप से मजबूत हैं या नहीं। उन्होंने कहा, हमें कुछ अवसरों पर अपने धैर्य की परीक्षा देनी होगी और देखना होगा कि हम क्या उसकी तरह मानसिक रूप से मजबूत है।

वहीं इंग्लैंड के कप्तान ने कहा कि पुजारा का विकेट टेस्ट सीरीज में टीम के लिए सबसे ज्यादा अहम होगा। आगे उन्होंने कहा आपने देखा है कि वो कितने जरूरी हैं। वो भारतीय टीम के अंदर काफी वैल्यू डालते हैं इस कारण भी पुजारा हमारे लिए काफी बड़े विकेट होने वाले हैं और इस बात में जरा भी संदेह नहीं है।

बता दें पुजारा का प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में काफी बेहतरीन रहा था और उन्होंने टीम इंडिया को गबा के मैदान पर ऐतिहासिक जीत दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुजारा ने हाल में टेस्ट क्रिकेट में 6000 रन पूरे किये। उन्होंने 81 टेस्ट मैचों में 6111 रन बनाये हैं।


Download Android App
Download iOS App



