Kapil Dev On Vaibhav Sooryavanshi: आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ शामिल हुए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं। बिहार से आने वाले इस 15 साल के खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा अपकमिंग एशियाई खेलों के लिए भी भारतीय टीम में चुना गया है। अगर वैभव को आयरलैंड दौरे पर डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह 15 साल और 91 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। उनकी एबिलिटी ने क्रिकेट स्पेशलिस्ट और पूर्व खिलाड़ियों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है।
Kapil Dev On Vaibhav Sooryavanshi: कपिल देव ने की जमकर तारीफ

ऐसे में 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि वह बेहद खास टेलैंट के धनी हैं। हालांकि उन्होंने ये भी साफ किया कि इतनी कम उम्र में किसी खिलाड़ी के आने वाले कल को लेकर आखरी राय बनाना सही नहीं होगा।
एक मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान कपिल देव ने कहा कि, “वैभव अभी बहुत छोटे हैं। वह सिर्फ 16 साल के हैं और उनके सामने लंबा करियर पड़ा है। उनकी प्रतिभा असाधारण है, इसमें कोई संदेह नहीं है। वह मुझे 16 साल के सचिन तेंदुलकर की याद दिलाते हैं, लेकिन यह देखना होगा कि वह आने वाले वर्षों में अपने प्रदर्शन को किस तरह बनाए रखते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि किसी खिलाड़ी का वास्तविक मूल्यांकन तब किया जाना चाहिए जब वह 20 से 22 साल की उम्र तक पहुंचकर लगातार अच्छे लेवल पर प्रदर्शन करे।
Vaibhav Sooryavanshi Break Records: रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन से बनाई पहचान

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ समय में अपनी बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बनकर इतिहास रचा था। इसके बाद अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में 175 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं आईपीएल के हालिया सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया।
Vaibhav Sooryavanshi Records: कई बड़े रिकॉर्ड किए अपने नाम

वैभव एक आईपीएल सीजन में 700 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बने। इसके अलावा वह टी-20 क्रिकेट के इतिहास में किसी एक टूर्नामेंट सीज़न में 500 पावरप्ले रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट का सबसे वेल्यूएबल खिलाड़ी (MVP), इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और ऑरेंज कैप जैसे बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
Vaibhav Sooryavanshi Half Century: 11 गेंदों में अर्धशतक का रिकॉर्ड

हाल ही में श्रीलंका में आयोजित ए टीमों की ट्राई सीरिज़ में भी वैभव ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। श्रीलंका ए के खिलाफ उन्होंने 94 रन की विस्फोटक पारी खेली और सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा करके उन्होंने नया रिकॉर्ड बना दिया। इसके साथ ही वह 50 ओवर के क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
Vaibhav Sooryavanshi Become Emotional: टीम इंडिया की जर्सी पहनकर इमोशनल हुए वैभव

इंडियन क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारतीय टीम की जर्सी में दिखाई दिए। इस खास पल को लेकर उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना था। वैभव ने कहा कि, “जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया, तभी से भारतीय टीम की जर्सी पहनने का सपना देखा था। आज वह सपना पूरा हो गया है। इस एहसास को शब्दों में बयां करना मेरे लिए बेहद मुश्किल है।”
Kapil Dev On Vaibhav Sooryavanshi: कपिल देव ने दी शुभकामनाएं

जब कपिल देव से वैभव के लिए कोई खास मैसेज देने को कहा गया, तो उन्होंने सिर्फ वैभव ही नहीं बल्कि पूरी भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, “मैं भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देता हूं। वैभव भी उसी टीम का हिस्सा हैं और मुझे उम्मीद है कि वह देश के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगे।” अब क्रिकेट लवर्स की नजरें आयरलैंड दौरे पर टिकी हैं, जहां वैभव सूर्यवंशी अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कर इतिहास रच सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




