केएल राहुल की टीम इंडिया में हुई वापसी,इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए क्रिकेटर ने भरी हुंकार

Summary :

टीम इंडिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच आने वाली 5 फरवरी से चार टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज होने वाला है।

टीम इंडिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच आने वाली 5 फरवरी से चार टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज होने वाला है। इस सीरीज के पहले दो मुकाबले चेन्नई में खेले जाने हैं। वैसे सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए एक खुशखबरी यह है कि टीम के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल अब पूरी तरह से फिट होने के बाद मंगलवार को टीम से जुड़ गए है। 
मालूम हो केएल राहुल ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे और टी 20 इंटरनेशनल सीरीज में भाग लिया था। परंतु टेस्ट सीरीज के वक्त उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल सका। दरअसल केएल राहुल टेस्ट सीरीज के वक्त चोटिल हो गए थे जिस कारण उन्हें स्वदेश वापस आना पड़ा। 
राहुल के बाएं हाथ की कलाई में चोट आई थी,जिस वजह से खिलाड़ी आखिरी के दो टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं रहे थे। इसके बाद राहुल भारत वापस लौट आए थे और फिटनेस हासिल करने के लिए बेंगलुरू स्थित नेशनल क्रिकेट अकेडमी से जुड़ गए थे। 
राहुल ने क्या कहा अपने ट्वीट में?
हाल ही में केएल राहुल ने ट्वीट करके लिखा,खुशी है कि मैंने रिहैबिलिटेशन अच्छी तरह से पूरा किया। फिर से फिट और स्वस्थ होने से बेहतर अहसास कुछ नहीं होता। खिलाड़ियों के साथ वापसी करना हमेशा मजेदार होता है। देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान है। मेरी नजरें अब घरेलू सीरीज पर टिकी हैं।

28 वर्षीय राहुल को इंग्लैंड के खिलाफ 5 फरवरी से चेन्नई में शुरू होने वाले पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है। वहीं इस बीच भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली,जसप्रीत बुमराह,ईशांत शर्मा जैसे कई क्रिकेटरों की टीम में वापसी हुई है। 
बता दें , भारत की मेजबानी में इंग्लैंड टीम 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मैच जोकि 5 फरवरी और दूसरा टेस्ट 13 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाएंगे। वहीं टेस्ट सीरीज का तीसरा टेस्ट 24 फरवरी से अहमदाबाद में, जबकि आखिरी टेस्ट 4 मार्च से अहमदाबाद में ही खेला जाना है। 

Desk Team