मैनचेस्टर : इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के 11वें दौर के मैच में मौजूदा चैम्पियन मैनचेस्टर सिटी ने शनिवार रात यहां एक रोमांचक मैच में साउथम्पटन को 2-1 से मात दी। इस जीत के बाद सिटी की टीम 25 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है, जबकि हार के कारण साउथम्पटन आठ अंकों के साथ 18वें स्थान पर बनी हुई है। मैच की शुरुआत हालांकि, मेहमान टीम के लिए शानदार रही।
साउथम्पटन ने 13वें मिनट में अटैक किया और जेम्स वॉर्ड-प्राउस ने गोल करते हुए अपनी टीम को अप्रत्याशित बढ़त दिला दी। इसके बाद, सिटी ने अधिक समय तक गेंद को अपने कब्जे में रखा और मेहमान टीम पर दबाव बनाया, लेकिन पहले हाफ में उसे सफलता नहीं मिली। दूसरे हाफ की शुरुआत से ही सिटी ने लगातार अटैक किए।
मेजबान टीम आखिरकार 70वें मिनट में साउथम्पटन के डिफेंस को भेदने में कामयाब रही। बराबरी का गोल सिटी के लिए स्ट्राइकर सर्जियो अगुएरो ने दागा। इस सीजन अगुएरो का यह नौवा गोल है। बराबरी का गोल करने के बाद सिटी को विनर दागने में भी ज्यादा समय नहीं लगा और 86वें मिनट में काइल वॉकर ने गोल करते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।


Download Android App
Download iOS App



