नई दिल्ली : भारतीय हॉकी कप्तान मनप्रीत सिंह ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम 2023 विश्व कप में पोडियम स्थान हासिल कर अधूरा काम पूरा करने की कोशिश करेगी क्योंकि वह घरेलू मैदान में पिछले चरण में ऐसा करने में विफल रही थी। भारत लगातार दूसरी बार पुरूष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा। भुवनेश्वर ने 2018 में पिछले चरण में प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
भारत इस तरह चार पुरूष विश्व कप आयोजित करने वाला पहला देश बन गया है जिसने मुंबई में 1982 में और 2010 में नयी दिल्ली में इसकी मेजबानी की थी। मनप्रीत ने कहा, ‘‘हम यह जानकर काफी उत्साहित हैं कि भारत ने फिर 2023 में एफआईएच पुरूष विश्व कप की मेजबानी का अधिकार हासिल किया। हम 2018 में सफल नहीं हो सके, हालांकि हमारे पास 2018 में विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने का बढ़िया मौका था।’’
उन्होंने 13 से 29 जनवरी तक होने वाले 2023 विश्व कप के बारे में कहा, ‘‘नीदरलैंड के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में मिली हार हमारे लिये काफी निराशाजनक थी लेकिन अब भारत फिर से विश्व कप की मेजबानी करेगा तो हम इसे एक और मौके के रूप में देख रहे हैं जिसमें हम अधूरा काम पूरा करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



