सिडनी : मनु भाकर और अनमोल की जोड़ी ने दस मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में क्वालीफिकेशन में विश्व रिकार्ड के साथ सोने का तमगा जीता जो भारत का आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप निशानेबाजी में सातवां स्वर्ण पदक है। गनेमत शेखों ने महिलाओं की जूनियर स्कीट में फाइनल में 36 अंक बनाकर कांस्य पदक हासिल किया। दस मीटर एयर राइफल की मिश्रित स्पर्धा में 17 वर्षीय श्रेया अग्रवाल और 19 वर्षीय अर्जुन बाबुता ने कांस्य पदक हासिल किया।
उन्हेांने 432.8 अंक बनाये। भारत के ही इलावेनिल वलारिवान (18) और तेजस कृष्णा प्रसाद (20) की जोड़ी इस स्पर्धा में 389.1 अंक बनाकर चौथे स्थान पर रही। भाकर और अनमोल ने अपनी स्पर्धा में शुरू से ही दबदबा बनाये रखा। उन्होंने क्वालीफिकेशन में सर्वाधिक स्कोर बनाया और इस बीच जूनियर क्वालीफिकेशन का नया विश्व रिकार्ड भी स्थापित किया। अनमोल और भाकर ने 770 अंक के साथ यह रिकार्ड बनाया। इसके बाद फाइनल में भी उन्होंने पहली सीरीज से अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा।
वे अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी चीन के लियु जिनयावो और ली झुई से लगातार अंतर बढ़ाते रहे। उन्होंने आखिर में 478.9 अंक बनाये जो वर्तमान विश्व रिकार्ड से केवल 1.8 अंक कम है। चीन ने रजत और कांस्य पदक दोनों जीते। लियु जिनयाओ और ली झुई 473.3 अंक के साथ दूसरे जबकि वांग झेहाओ और झियो झियाझुआन 410.7 अंक बनाकर तीसरे स्थान पर रहे।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



