कुवैत सिटी : युवा निशानेबाज मनु भाकर और सौरभ चौधरी की जोड़ी ने शुक्रवार को 11वीं एशियाई एयरगन चैंपियनशिप के दस मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में नये जूनियर विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। टूर्नामेंट के अंतिम दिन भारतीय जोड़ी ने फाइनल में वांग झियोउ और हांग शुकी की चीनी जोड़ी को हराया।
भारत की जूनियर निशानेबाजी टीम ने चैंपियनशिप में चार स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीते। युवा ओलंपिक खेलों के चैंपियन मनु और सौरभ ने फाइनल में 485.4 अंक बनाये और वे चीनी जोड़ी के 477.9 अंक से काफी आगे रहे। चीन की एक अन्य टीम ने कांस्य पदक जीता जबकि भारत की एक अन्य जोड़ी अभिदन्या पाटिल और अनमोल जैन चौथे स्थान पर रहे।
मनु और सौरभ ने क्वालीफाईंग में 800 में से 762 अंक बनाये। उन्होंने चीन के वांग और हांग के बाद दूसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई किया। अभिदन्या और अनमोल 760 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।


Download Android App
Download iOS App



