इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें संस्करण में आज मौजूदा विजेता मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। लीग के पहले हाफ में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं तो मुंबई ने जीत हासिल की थी। मुंबई का फॉर्म भी शानदार है और इसलिए उनका पलड़ा कोलकाता पर भारी लग रहा है। इसका एक कारण और है, मुंबई की फॉर्म और उनकी टीम में मौजूदा संतुलन।
वहीं, कोलकाता अभी तक सही संयोजन नहीं खोज पाई है, खासकर उनकी बल्लेबाजी में कई पेंच हैं। सलामी जोड़ी उसे अब तक मजबूती नहीं मिली है। सुनील नरेन और शुभमन गिल के साथ लीग के शुरूआती मैचों में जाने वाली कोलकाता ने बाद में राहुल त्रिपाठी और गिल को आजमाया। यह जोड़ी काफी हद तक सफल भी रही लेकिन पिछले मैच में टॉम बेंटन को मौका मिला था लेकिन वो असफल रहे थे।
बेंटन जिस तरह के बल्लेबाज हैं उससे उन्हें एक मैच की असफलता पर परखना गलत होगा। वह टी-20 में अपना लोहा मनावा चुके हैं बस कमी है, तो कोलकाता की जर्सी में उनके बल्ले के बरसने की, काबिलियत उनमें भरपूर है। गिल ही एक ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्हें कोलकाता की टीम में इन फॉर्म बल्लेबाज कहा जा सकता है, बाकी कोई कुछ खास नहीं कर पाया है।
कप्तान दिनेश कार्तिक ने एक मैच में अर्धशतक लगाया था लेकिन फिर वो पटरी पर से उतर गए हैं, वह कब लौटेंगे खुद कार्तिक भी शायद इस बात का जवाब नहीं दे सकें। कोलकाता के लिए सबसे बड़ी निराशा उनकी सबसे बड़ी उम्मीद का विफल रहना रही है और वो उम्मीद हैं आंद्रे रसेल। एक भी मैच में रसेल अपना तूफानी रूप नहीं दिखा पाए हैं। काफी देर हो जाए इससे पहले जरूरी है कि रसेल जल्दी फॉर्म में लौटें।
गेंदबाजी कोलकाता के लिए ज्यादा बड़ी समस्या नहीं है। कमलेश नागरकोटी, प्रसिद्ध कृष्णा और शिव मावी ने अनुभवी पैट कमिंस और रसेल के साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया है। यह गेंदबाजी आक्रमण मुंबई के इन फॉर्म बल्लेबाजी आक्रमण को रोक पाता है या नहीं यह मैच में देखने को मिलेगा। मुंबई का हर बल्लेबाज फॉर्म में है, कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी ने मिलकर भले ही कोई बड़ी साझेदारी ना की हो लेकिन इन दोनों में से एक ना एक रन बना ही लेता है।
अब आते हैं सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन जो मध्य क्रम को अपने कंधों पर संभाले हुए हैं। अंत में कीरन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या और क्रुनाल पांड्या तेजी से रन करने में सफल रहे हैं। गेंदबाजी में भी जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी कोलकाता के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक रहेगी। पोलार्ड, राहुल चहर और क्रुनाल भी गेंद से अच्छा कर रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित टीमें
दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, कुलदीप यादव, शुभमन गिल, लॉकी फग्र्यूसन, नीतीश राणा, रिंकू सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, संदीप वॉरियर, अली खान, कमलेश नागरकोटी, शिवम मावी, सिद्देश लाड, पैट क्यूमिंस, इयोन मोर्गन, टॉम बेंटन, राहुल त्रिपाठी, वरुण चक्रवर्ती, एम. सिद्धार्थ, निखिल नाइक, क्रिस लिन।
मुंबई इंडियंस की संभावित टीमें
क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), अनमोलप्रीत सिंह, अनुकूल रॉय, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, दिग्विजय देशमुख, हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, जेम्स पैटिनसन, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरन पोलार्ड, क्रुनाल पांड्या, मिशेल मैक्लेंघन, मोहसिन खान, नाथन कल्टर नाइल, प्रिंस बलवंत राय, आदित्य तारे (विकेटकीपर), राहुल चहर, सौरभ तिवारी, शेरफाने रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट।


Download Android App
Download iOS App



