एशेज में उस्मान ख्वाजा के लगातार दूसरे शतक से दिग्गज हुए खुश, ट्वीट कर कही ये बात

Summary :

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने इंग्लैंड के विरुद्ध चौथे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी शतक लगाया है। अब ख्वाजा के शानदार प्रदर्शन पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और वसीम जाफर समेत कई अन्य दिग्गज क्रिकटरों ने खिलाड़ी की जमकर तारीफ की है।

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने इंग्लैंड के विरुद्ध चौथे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी शतक लगाया है। अब ख्वाजा के शानदार प्रदर्शन पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और वसीम जाफर समेत कई अन्य दिग्गज क्रिकटरों ने खिलाड़ी की जमकर तारीफ की है। 
दरअसल, पहली पारी में 122 रन की बढ़त के साथ दूसरी पारी में खेलने मैदान पर उतरे ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेकार रही और साथ ही उसने 86 रन तक जाते जाते अपने चार विकेट गंवा दिए। वहीं  पहली पारी में 137 रन बनाने वाले ख्वाजा ने दूसरी पारी में भी मोर्चा संभाला और ग्रीन के साथ पांचवें विकेट के लिए 179 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को संकट से बाहर निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
इस बीच पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ट्वीट करके लिखा, आप इस हफ्ते उस्मान ख्वाजा से अच्छा नहीं खेल सकते। बल्लेबाजी करने के लिए ये आसान पिच नहीं है। लेकिन उन्होंने इसे काफी आसान बना दिया है। 

वहीं भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने ट्वीट कर लिखा- वापसी टेस्ट में दो शतक अपने आलोचकों को जवाब देने का सबसे अच्छा तरीका है। अभी भी उनमें लड़ने का दमखम है। बहुत अच्छा खेला। 

मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में डेविड वॉर्नर तीन, मार्क्स हैरिस 27, मार्नास लाबुशेन 29 और स्टीव स्मिथ 23 रन बनाकर बोल्ड हुए। इस दौरान अगस्त 2019 के बाद अपना पहला टेस्ट खेल रहे ख्वाजा ने मैच में शतक जड़ अपनी अहम भूमिका निभाई। ख्वाजा ने अपना 10वां शतक बनाया और 138 गेंदों में 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। 

Desk Team