न्यूयार्क : स्पेनिश स्टार राफेल नडाल ने इटली के माटियो बेरेटिनी को शिकस्त देकर अमेरिकी ओपन के पांचवें फाइनल में प्रवेश किया और अब उनकी कोशिश 19 वां ग्रैंडस्लैम खिताब अपनी झोली में डालने की होगी। दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी नडाल ने आर्थर एशे स्टेडियम में बेरेटिनी को 7-6 6-4 6-1 से शिकस्त देकर रविवार को होने वाले फाइनल में जगह बनायी जहां उनका सामना रूस के पांचवें वरीयता दानिल मेदवेदेव से होगा जिन्होंने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को 7-6 6-4 6-3 से पराजित किया।
अगर नडाल यहां खिताब जीत लेते हैं तो वह रोजर फेडरर के सर्वकालिक पुरूष रिकार्ड से महज एक ट्राफी दूर रह जायेंगे। वह अपने 27वें ग्रैंडस्लैम फाइनल में खेलेंगे और उन्होंने पिछले महीने मेदवेदेव को मांट्रियल फाइनल में हुई भिड़ंत में पराजित किया था।
नडाल ने कहा, ‘‘अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचकर बहुत खुश हूं। सत्र के शुरू में कुछ कठिन परिस्थितियों के बाद आज यहां पहुंचना मेरे लिये बहुत मायने रखता है।’’ उन्होंने सत्र के शुरू में कूल्हे की चोट के बाद वापसी करते हुए 12वां फ्रेंच ओपन खिताब हासिल किया था और अब उनकी निगाहें चौथे अमेरिकी ओपन खिताब पर लगी हैं।


Download Android App
Download iOS App



