भुवनेश्वर : जेरोएन हर्टज्बेर्गर की हैट्रिक के दम पर पूर्व विजेता नीदरलैंड ने शनिवार को कलिंगा स्टेडियम में खेले गए हॉकी विश्व कप के पूल-डी के पहले मैच में मलेशिया को 7-0 से करारी शिकस्त दे टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया। मलेशियाई टीम इस मैच में सिर्फ मूकदर्शक की तरह दिखी और लगातार गोल खाने से दवाब में बिखर गई।
मलेशिया ने शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन पहले क्वार्टर के शुरुआती मिनटों के अलावा वह अपने अच्छे खेल को जारी नहीं रख पाई और जैसे ही नीदरलैंडस ने पहला गोल खाया मलेशिया समय के साथ बैकफुट पर जाती दिखी। नीदरलैंड्स ने चौथे मिनट में ही आक्रमण किया जो अंतत: असफल रहा। इस आक्रामण ने बता दिया था कि मलेशिया के डिफेंस के लिए यह मैच आसान नहीं रहने वाला। हुआ भी ऐसा ही। 12वें मिनट में जेरोएन ने गोल कर नीदरलैंडस को एक गोल की बढ़त दिला दी।
रोबर्ट कैम्परमैन ने लाइन के पास से गेंद जेरोएन को दी। उन्होंने मलेशियाई गोलकीपर को मात दे उसे नेट में डाल दिया। इस पर रैफरी असमंजस में थे इसलिए उन्होंने रैफरल लिया जो नीदरलैंडस के पक्ष में गया। मलेशिया के पहले क्वार्टर के अंत में एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर वह बराबरी का गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में मलेशिया बैकफुट पर थी। उसका डिफेंस लगातार नीदरलैंडस के आक्रमण से घबरा गया था।
नीदरलैंडस के लिए यह क्वार्टर काफी मौके लेकर आया जिसमें से वह सिर्फ एक पर ही गोल कर पाई। 21वें मिनट में मिर्को प्रूइज्सेर ने नीदरलैंडस के लिए गोल किया। मिर्को के लिए यह मौका थिएरी ब्रिंकमैन और जेरोएन ने बनाया था जिस पर मिर्को ने अपनी हॉकी के इशारे से गेंद को नेट में डाल स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में स्कोर नीदरलैंडस के पक्ष में और बेहतर हो सकता। उसे इस क्वार्टर में पांच पेनाल्टी कॉर्नर मिले जो विफल रहे।
हालांकि क्वार्टर के अंत होते-होते नीदरलैंडस ने अपना तीसरा गोल कर दिया था। 29वें मिनट में उसके लिए यह गोल जेरोएन ने किया। इसमें उनकी मदद मिर्को ने की। तीसरे क्वार्टर में आखिरीकर नीदरलैडस की टीम पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने में सफल रही। 35वें मिनट में नीदरलैंडस को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर मिंक वान डीर वीडेन ने गोल कर स्कोर 4-0 कर दिया।
नीदरलैंडस यहीं नहीं रूकी उसने तीसरे क्वार्टर के अंत में 42वें मिनट में कैम्परमैन ने शानदाार फील्ड गोल कर नीदरलैंडस के लिए पांचवां गोल किया। नीदरलैंडस के लिए 57वें मिनट में ब्रिंकमैन ने छठा और 60वें मिनट में जेरोए ने सातवां और अपना तीसरा गोल किया।


Download Android App
Download iOS App



