भारत ए के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लिये लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स के अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ए ने दूसरे अनधिकृत टेस्ट के पहले दिन पांच विकेट पर 276 रन बना लिये। फिलिप्स ने नौ चौकों और एक छक्के के साथ 80 गेंद में 65 रन बनाये जबकि डेन क्लीवेर ने 115 गेंद में नाबाद 46 रन की पारी खेली।
कप्तान हामिश रदरफोर्ड ने 79 गेंद में 40 रन बनाये । भारत ए के लिये मध्यम तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और आवेश खान ने दो-दो विकेट लिये जबकि स्पिनर शाहबाज नदीम को एक विकेट मिला।पहले दिन का खेल समाप्त होने पर डेरिल मिशेल 36 रन बनाकर क्लीवेर के साथ थे।
न्यूजीलैंड ए के लिये रदरफोर्ड और विल यंग ने पहले विकेट की साझेदारी में 67 रन जोड़े। सिराज ने कप्तान को विकेट के पीछे श्रीकर भरत के हाथों लपकवाया। रचिन रविंद्र 12 रन बनाकर सिराज का शिकार हुए। इसके बाद फिलिप्स और यंग ने संभलकर खेला और स्कोर को 100 के पार ले गए। नदीम ने 34वें ओवर में सलामी बल्लेबाज को आउट किया। फिलिप्स और टिम सीफर्ट (30) ने 76 रन की साझेदारी की। आवेश ने हालांकि फिलिप्स और सीफर्ट को आउट करके न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 190 रन कर दिया। क्लीवेर और मिशेल ने पारी को संभाला और 86 रन की नाबाद साझेदारी की।


Download Android App
Download iOS App



