न्यूजीलैंड ने जीती सीरीज

Summary :

केन विलियमसन और रोस टेलर के शतकों की मदद से न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्षाबाधित दूसरा टेस्ट ड्रा कराके सीरीज 1-0 से जीत ली।

हैमिल्टन : केन विलियमसन और रोस टेलर के शतकों की मदद से न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्षाबाधित दूसरा टेस्ट ड्रा कराके सीरीज 1-0 से जीत ली। न्यूजीलैंड को आखिरी दिन हार से बचने के लिये ठोस पारियों की जरूरत थी। इसके अलावा इंग्लैंड के खराब क्षेत्ररक्षण ने उसकी राह आसान कर दी। 
विलियमसन को पारी में तीन जीवनदान मिले। लंच के तुरंत बाद तेज बारिश शुरू हो गई थी जब न्यूजीलैंड का स्कोर दूसरी पारी में दो विकेट पर 241 रन था। टेलर 105 और विलियमसन 104 रन पर खेल रहे थे। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड का पिछली 10 टेस्ट सीरीज में रिकार्ड आठ जीत, एक ड्रा और दक्षिण अफ्रीका से मिली एक हार का हो गया। 
विलियमसन ने लंच के बाद तीसरे ओवर में जो रूट को चौका लगाकर अपना 21वां टेस्ट शतक पूरा किया। वहीं टेलर ने रूट के अगले ओवर में अपना 19वां शतक पूरा किया। उन्होंने इस ओवर में लगातार दो गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। न्यूजीलैंड ने दो विकेट पर 96 रन से आगे खेलना शुरू किया था।  
इंग्लैंड के इरादे शुरूआती विकेट जल्दी लेने के थे लेकिन ओली पोप और जो डेनली ने विलियमसन के आसान कैच छोड़कर उसके इरादों पर पानी फेर दिया।  विलियमसन ने उस समय 39 रन ही बनाये थे जब पोप ने बेन स्टोक्स की गेंद पर उनका कैच छोड़ा। उसके बाद डेनली ने 62 के योग पर उनका आसान कैच टपकाया।
बोल्ट और ग्रांडहोमे का आस्ट्रेलिया में खेलना संदिग्ध
चोट के कारण इग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर रहे न्यूजीलैंड के क्रिकेटर ट्रेंट बोल्ट और कोलिन डि ग्रांडहोमे का आस्ट्रेलिया में आगामी सीरीज में खेलना संदिग्ध है। कोच गैरी स्टीड ने कहा कि दोनों चोट से उबर रहे हैं लेकिन पूरी तरह से फिट नहीं हैं। 
बोल्ट और ग्रांडहोमे को पहले टेस्ट में मांसपेशी में चोट लगी थी। स्टीड ने कहा कि उन्हें शुक्रवार तक अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। न्यूजीलैंड टीम अगले दिन आस्ट्रेलिया रवाना होगी। कोच ने कहा कि मैं यकीनन नहीं कर सकता लेकिन मुझे उम्मीद है कि ये दोनों टीम में होंगे।

Desk Team