अबु धाबी : भारतीय फुटबॉल टीम के फारवर्ड जेजे लालपेखलुआ ने कहा कि दिग्गज स्ट्राइकर सुनील छेत्री के साथ उन्होंने काफी अच्छा संपर्क विकसित किया है और दोनों बिना बोले ही एक दूसरे की बात समझ लेते हैं। जेजे ने सबसे पहले 19 साल की उम्र में सुर्खियां बटोरी थी जब अपने पहले ही टूर्नामेंट में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक बनाई थी।
इसके बाद लगातार गोल करने के बावजूद वह 2015 तक भारतीय टीम से अंदर बाहर होते रहे और फिर टीम में अपनी जगह पक्की की। जेजे ने कहा कि जब मैंने पदार्पण किया था तब सुनील भाई के साथ खेला था। इसके बाद से हम एक साथ खेल रहे हैं। मुझे लगता है कि एक साथ हम अच्छी तरह फिट होते हैं और एक दूसरे की शैली में मदद करते हैं।
जेजे ने कहा कि उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर मेरी काफी मदद की है। मैदान पर हम कुछ बोले बिना ही एक-दूसरे की बातें समझ लेते हैं। मुझे पता होता है कि वह कहां है और उसे हमेशा पता होता है कि मैं कहां हूं। एएफसी एशियाई कप के पहले मैच में भारत को थाईलैंड से भिड़ना है और जेजे इस मैच को लेकर आश्वस्त हैं।


Download Android App
Download iOS App



