फ्रेंच ओपन 2025 के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में टेनिस जगत के दिग्गज नोवाक जोकोविच को इटली के युवा खिलाड़ी यानिक सिनर के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला जोकोविच के करियर का एक भावनात्मक मोड़ बन गया, क्योंकि मैच के बाद उन्होंने इशारों में यह संकेत दिया कि यह फ्रेंच ओपन शायद उनका आखिरी टूर्नामेंट था।
तीनों सेटों में पिछड़े जोकोविच
सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही यानिक सिनर ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले सेट में 6-4 से जीत दर्ज की। दूसरे सेट में जोकोविच ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन सिनर की लगातार फोरहैंड स्ट्रोक्स और लाइन पर खेली गई सटीक शॉट्स ने उन्हें टिकने नहीं दिया। दूसरा सेट भी सिनर ने 7-5 से अपने नाम किया। तीसरा सेट बेहद रोमांचक रहा, जहां मुकाबला टाई ब्रेकर तक पहुंचा। टाई ब्रेकर में सिनर ने 7-3 की बढ़त बनाकर सेट 7-6 से जीत लिया और इसी के साथ मुकाबला भी अपने नाम कर लिया।
भावुक हुए जोकोविच, इशारों में दी विदाई
मैच हारने के बाद नोवाक जोकोविच बेहद भावुक दिखे। उन्होंने कोर्ट पर झुककर मिट्टी को चूमा और अपने हाथों को मिट्टी पर रखकर उसे सलामी दी। यह इशारा फैंस और विशेषज्ञों के लिए एक संकेत बन गया कि शायद यह फ्रेंच ओपन उनका आखिरी रहा हो। मैच के बाद जोकोविच ने कहा, “मैं लगातार दबाव में महसूस कर रहा था। वह हर बॉल पर आक्रामक था और मुझे डिफेंस में धकेल रहा था। यही वजह है कि वह आज दुनिया का नंबर 1 खिलाड़ी है। मैं उसे फाइनल के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मुझे लगता है कि उसका मुकाबला कार्लोस अल्काराज से जबरदस्त होगा। ये दो खिलाड़ी आज के दौर के सर्वश्रेष्ठ हैं।” बता दें यानिक सिनर ने इस ऐतिहासिक जीत के साथ अपने करियर का पहला फ्रेंच ओपन फाइनल खेलना तय कर लिया है। फाइनल में उनका सामना स्पेन के युवा सनसनी कार्लोस अल्काराज से होगा, जो बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App





