मैनचेस्टर : पूर्व भारतीय कप्तान के श्रीकांत ने ऋषभ पंत को चौथे नंबर पर खिलाने की सलाह दी क्योंकि यह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लैंड की परिस्थितियों से भली भांति वाफिक है। इक्कीस साल के पंत को चोटिल शिखर धवन की जगह भारतीय विश्व कप टीम में शामिल किया गया है लेकिन वह अभी तक एक भी मैच में नहीं खेले हैं। श्रीकांत ने आईसीसी को लिखे अपने कालम में कहा कि अगर मैं टीम प्रबंधन में होता तो मुझे लगता है कि मैं ऋषभ पंत को चौथे नंबर पर खिलाने के बारे में विचार करता।
उन्होंने कहा कि वे उसे यहां ले आये हैं, वह खेलने के लिये तैयार है और सबसे अहम बात यह है कि वह पहले भी इंग्लैंड में खेल चुका है इसलिये परिस्थितियों से अच्छी तरह से वाकिफ है। भारतीय टीम इसी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी और अब टीम को रविवार को मेजबान इंग्लैंड से भिड़ना है।
1983 विश्व कप टीम के विजेता ने कहा कि पंत को खिलाने की यह आदर्श स्थिति है। उन्होंने कहा कि पिछली गर्मियों में यहां टेस्ट सीरीज में उसने टीम में शामिल किये जाने के बाद प्रभावित किया था और अब अगला मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ है तो उसे उस टीम के खिलाफ शामिल करने का यह अच्छा समय है जिसके खिलाफ वह खेल चुका है।


Download Android App
Download iOS App



