मुंबई : रोहित शर्मा ने कहा कि हवाई शाट्स खेलना कोई अपराध नहीं है, युवाओं को अपना स्वाभाविक खेल दिखाने की छूट मिलनी चाहिये। रोहित ने अपना कैरियर मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में शुरू किया लेकिन वह बाद में सीमित ओवरों के सर्वश्रेष्ठ सलामी बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने कहा कि बड़े शाट खेलने में कोई बुराई नहीं है। जब हम छोटे थे, तब खूब लप्पे लगाते थे और हमें नेट्स से बाहर कर दिया जाता था क्योंकि आखिर में तो आप नतीजे चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई खिलाड़ी हवाई शाट खेलकर भी आपको नतीजे दे रहा है तो उसमें कोई बुराई नहीं है। युवाओं को ऐसे शाट खेलने की चाहत रहती है।
बल्लेबाजी करते समय हर कोई आकर्षक लगना चाहता है लेकिन यह भी जरूरी है कि वे अपना स्वाभाविक खेल दिखाये। रोहित ने कहा कि हमें इसका ध्यान रखना होगा कि ये गलतियां बारंबार नहीं हो। उसे ध्यान रखना होगा कि अगली बार कैसे खेलना है। शाट खेलना कोई गुनाह नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई खिलाड़ी अपने हुनर को लेकर आत्मविश्वास से ओतप्रोत है तो मैं उसकी हौसलाअफजाई करूंगा। इन युवाओं पर बल्लेबाजी को लेकर कोई पाबंदियां नहीं होनी चाहिये। उन्हें खुलकर खेलने देना चाहिये । इसी तरह से वे नतीजे देंगे। उन्होंने गत चैम्पियन भारत की अंडर 19 टीम को दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिये शुभकामना भी दी।


Download Android App
Download iOS App



