इंडियन वेल्स : भारतीय क्वालीफायर प्रजनेश गुणेश्वरन ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए यहां इंडियन वेल्स एटीपी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी निकोलोज बासिलाशविली को हराया। इस स्तर पर पहली बार एकल मुख्य ड्रा में खेल रहे बायें हाथ के प्रजनेश ने दो घंटे और 32 मिनट चले मुकाबले में जार्जिया के खिलाड़ी को 6-4, 6-7, 7-6 से हराया।
दुनिया के 97वें नंबर के खिलाड़ी प्रजनेश ने पहले सेट के पांचवें गेम में बासिलाशविली की सर्विस तोड़ी और फिर अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए 31 मिनट में सेट जीता। दूसरे और तीसरे सेट में कड़ा मुकाबला देखने को मिला और दोनों सेट टाईब्रेक में खिंचे। बासिलाशविली ने दूसरा सेट जीता लेकिन प्रजनेश ने तीसरा और निर्णायक सेट जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रजनेश ने पीटीआई से कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यह बड़ा मैच था। मुझे लगता है कि मैं पिछले दौर की तुलना में बेहतर खेला। मुझे बेहतर प्रदर्शन करना था क्योंकि मैं काफी अच्छे खिलाड़ी के खिलाफ खेल रहा था, ऐसा खिलाड़ी जो फार्म में था और शीर्ष 20 खिलाड़ियों में शामिल है।’’ प्रजनेश तीसरे दौर में दुनिया के 89वें नंबर के खिलाड़ी इवो कार्लोविच से भिड़ेंगे। इससे पूर्व पहले दौर में उन्होंने फ्रांस के बेनोइट पियरे को हराया था। वहीं रोहन बोपन्ना भी अपने जोड़ीदार डेनिस शापोवालोव के साथ दूसरे दौर में पहुंच गये।
इस जोड़ी ने पहले दौर के मैच में स्काटलैंड के जेमी मरे और ब्राजील के ब्रुनो सोरेस को 6-4 6-4 से शिकस्त दी। युगल में एकमात्र भारतीय बोपन्ना अपने नियमित जोड़ीदार दिविज शरण के साथ नहीं खेल रहे क्योंकि वे अपनी संयुक्त रैंकिंग के साथ मुख्य ड्रा में जगह नहीं बना सके।


Download Android App
Download iOS App



