फुजोऊ : भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अमेरिका की बेइवान झैंग के खिलाफ सीधे गेम में जीत के साथ चीन ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर के महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई। पीवी सिंधू को हराकर हाल में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली साइना को पहले दौर में झांग को 30 मिनट में 21-12, 21-13 से हराने में अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा। साइना को अगले दौर में पांचवीं वरीय अकाने यामागुची से भिड़ना है जिन्होंने चीन की शियाओशिन चेन को 21-12, 21-14 से हराया।
साइना ने जापान की यामागुची के खिलाफ सिर्फ एक मैच जीता है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। पिछले तीन मुकाबलों में यामागुची ने जीत दर्ज की है। पुरुष एकल के पहले दौर में हालांकि सौरभ वर्मा को फ्रांस के ब्राइस लीवरडेज के खिलाफ 14-21, 21-15, 11-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी भी पहले दौर की बाधा को पार करने में विफल रही।


Download Android App
Download iOS App



