कुआलालम्पुर : भारतीय बैडमिंटन स्टार किदाम्बी श्रीकांत और साइना नेहवाल मंगलवार से यहां शुरू हो रहे मलेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट के जरिये सत्र की शुरूआत करेंगे। दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत पिछले सत्र में 2017 की तरह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। वह कुछ समय के लिये बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में शीर्ष पर रहे और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता लेकिन एक भी खिताब अपने नाम नहीं कर सके।
प्रीमियर बैडमिंटन लीग में हालांकि उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और टीम की खिताबी जीत के सूत्रधार रहे। वह सत्र के पहले मैच में बुधवार को हांगकांग के एंग का लोंग एंगस से खेलेंगे। दूसरी ओर साइना ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरा स्वर्ण जीता और एशियाई खेलों तथा एशियाई चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता। वह इंडोनेशिया मास्टर्स, डेनमार्क ओपन और सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंची।
वह महिला वर्ग के पहले दौर में हांगकांग की डेंग जाय शुआन से खेलेगी। इस बीच बी साइ प्रणीत ने टूर्नामेंट नहीं खेलने का फैसला किया है। राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता सात्विक साइराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना चीन के यू शुआंयी और रेन शियांग्यू से होगा। महिला युगल में राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की टक्कर हांगकांग की याउ और युएन सिन यिंग से होगी।
जबकि मिश्रित युगल में सात्विक और अश्विनी का सामना इंग्लैंड के बेन लेन और जेसिका पी से होगा। पारूपल्ली कश्यप, अजय जयराम और शुभांकर डे पुरूष एकल क्वालीफायर खेलेंगे जबकि महिला एकल क्वालीफायर में वैष्णवी रेड्डी जाक्का और रितुपर्णा दास उतरेंगी।


Download Android App
Download iOS App



