उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती तीनों के संगम स्थल पर नागा साधुओं और फिर अन्य अखाड़े के साधु एवं संतों के शाही स्नान के बाद श्रद्धालुओं का संगम तट पर डुबकी लगाने का सिलसिला जारी है। कुम्भ मेले के पहले शाही स्नान पर सभी श्रद्धालु एक दूसरे को बधाई देते नजर आये। तीर्थराज प्रयाग में संगमतट पर कुंभ का महापर्व शुरू हो गया।
ठंड के बाद भी दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन की गर्मी का जोश प्रयागराज के पग-पग पर अपने रंग में नजर आने लगा है। सुबह शुरू हुआ शाही स्नान पूरे दिन जारी रहेगा। सुबह सबसे पहले, 6.05 बजे महानिर्वाणी के साधु-संत पूरे लाव-लश्कर के साथ शाही स्नान को संगम तट पर पहुंचे। इसके साथ अखाड़ के स्नान का क्रम प्रारंभ हुआ। सभी अखाड़े को बारी-बारी से स्नान के लिए 30 मिनट से 45 मिनट तक का समय दिया गया है। साधु-संतों के साथ आम श्रद्धालु भी संगम सहित अलग-अलग घाटों पर आधी रात से स्नान कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच घाटों पर नहाने और पूजा पाठ का सिलसिला जारी है। पारा 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम होने के बाद भी बड़े तादाद में लोग डुबकी लगा रहे हैं।
LIVE UPDATE :-
- कुंभ में पहली बार किन्नर अखाड़े को शामिल किया गया है। किन्नर अखाड़े की प्रमुख लक्ष्मी नारायण ने भी शाही स्नान किया। और आज किन्नर अखाड़ा जूना अखाड़े का हिस्सा बन सकता है। किन्नर अखाडे़ की ओर से कागजी कार्यवाही पूरी हो चुकी है। इसका औपचारिक ऐलान आज किया जाएगा।
- कुंभ में श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जा रही है। शाही स्नान के लिए जा रहे अखाड़ों के साधु-संतों पर भी बरसाए जा रहे हैं फूल।
- शाही स्नान के लिए साधुओं एवं नागा संन्यासियों की टोली आगे बढ़ती हुई।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार के अनुसार कुम्भ सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुम्भ मेलाक्षेत्र के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर बैरियर लगाकर गहन चेकिंग की जा रही है। साथ ही वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई। सुरक्षा के लिए पुलिस के अलावा पैरामिलिट्री और सेना के अधिकारी भी मौजूद हैं।