लखनऊ : भारतीय शटलर समीर वर्मा ने रविवार को यहां फाइनल में शानदार खेल का मुजाहिरा करते हुए सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन ग्रां प्री का खिताब लगातार दूसरी बार जीत लिया, वहीं खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल साइना नेहवाल का ताज दोबारा हासिल करने का सपना चीन की खिलाड़ी हान यू से हारकर टूट गया।
लखनऊ स्थित बीबीडी अकादमी में खेले गए फाइनल मुकाबले में गत विजेता समीर ने अपने प्रतिद्वंदी चीन के लू ग्वांगझू को 16 -21, 21-19, 21-14 से शिकस्त देकर अपना खिताब बरकरार रखा। फाइनल में साइना को चीन की तेजतर्रार खिलाड़ी हान यू के हाथों 18-21, 8-21 से पराजय का सामना करना पड़ा।
तीसरी वरीयता प्राप्त समीर ने पहले गेम में सधी हुई शुरुआत की, लेकिन चीनी प्रतिद्वंदी कई मौकों पर उन पर भारी पड़ा। समीर ने पहला गेम 16 – 21 से गंवाया, मगर दूसरे गेम में जोरदार वापसी की। हालांकि इस गेम में भी उन्हें ग्वांगझू ने जबरदस्त टक्कर दी लेकिन बाद में यह गेम 21-19 से समीर के हाथ लगा।
तीसरे गेम में समीर पूरी रौ में आ गए और उनके चीनी प्रतिद्वंदी का संघर्ष ज्यादा देर नहीं चल सका। समीर ने यह गेम 21-14 से आसानी से जीत कर खिताब पर लगातार दूसरी बार कब्जा कर लिया। साइना पर सभी की निगाहें लगी हुई थीं। लंदन ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साइना 2015 के बाद सैयद मोदी ग्रां प्री का खिताब नहीं जीत पायी हैं। साइना को 34 मिनट तक चले मैच के पहले गेम से ही विश्व जूनियर चैम्पियनशिप की रजत
पदक विजेता यू के खिलाफ कड़ा संघर्ष करना पड़ा। चीनी प्रतिद्वंद्वी ने अपने तेजतर्रार और चालाकी भरे खेल से भारतीय खिलाड़ी को कई बार चौंकाया। शुरुआत में 0-2 से पिछड़ी साइना ने एक वक्त 6-5 से बढ़त बना ली थी। साइना ने स्मैश और एंगल्ड रिटर्न के जरिये चार अंक अर्जित किये और 17-12 की बढ़त बना ली लेकिन चीनी खिलाड़ी ने दबाव बनाया जिससे यह भारतीय पहला गेम 18-21 से गंवाना बैठी।


Download Android App
Download iOS App



