नई दिल्ली : अनुभवी मिडफील्डर सरदार सिंह को अगले महीने भुवनेश्वर में होने वाले हाकी विश्व लीग फाइनल के लिये भारत की 18 सदस्यीय टीम से आज बाहर कर दिया गया जबकि रूपिंदर पाल सिंह और बीरेंद्रलाकड़ा ने फिट होकर टीम में वापसी की है। इस साल खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले सरदार को बाहर किया जाना हैरानी का सबब रहा जो ढाका में पिछले महीने एशिया कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। इसे पूर्व कप्तान के सुनहरे कैरियर के अंत की तरह देखा जा रहा है।
एशिया कप में सरदार ने मिडफील्ड में प्लेमेकर की भूमिका निभाने की बजाय युवा कप्तान मनप्रीत सिंह के साथ डिफेंडर के रूप में खेला था। हाकी विश्व लीग फाइनल से उन्हें बाहर किये जाने का मतलब है कि वह नये कोच शोर्ड मारिन की रणनीति में फिट नहीं बैठते। मारिन ने एशिया कप से ठीक पहले रोलेंट ओल्टमेंस को बाहर किये जाने के बाद टीम की कमान संभाली थी। रूपिंदर और लाकड़ा की वापसी से भारतीय डिफेंस को मजबूती मिलेगी।
रूपिंदर मांसपेशी की चोट के कारण पांच महीने बाहर रहने के बाद टीम में लौटे हैं जबकि घुटने की चोट के कारण रियो ओलंपिक से बाहर रहे लाकड़र टीम में आते-जाते रहे हैं। रूपिंदर ने भारत के लिये आखिरी बार हाकी विश्व लीग सेमीफाइनल से पहले यूरोप दौरे पर खेला था। वहीं लाकड़ा एशियाई चैम्पियंस ट्राफी टीम का हिस्सा थे। वह दिसंबर में आस्ट्रेलिया में चार देशों के टूर्नामेंट में भी टीम में शामिल थे। इसके बाद से उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिये बाहर रखा गया। हाकी इंडिया के चयनकर्ताओं ने मनप्रीत सिंह को कप्तान बरकरार रखा है, चिंगलेनसना सिंह उपकप्तान होंगे।


Download Android App
Download iOS App



