फुजोऊ : पीवी सिंधू की खिताब बरकरार रखने की उम्मीद आज यहां चाइना सुपर सीरीज प्रीमियर के क्वार्टर फाइनल में चीन की गाओ फांगजेई से सीधे गेम में हारकर टूट गयी। सिंधू 38 मिनट के दौरान रंग में नहीं दिखी। उन्नीस वर्षीय फांगजेई ने दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधू को एक तरफा मुकाबले में 21-11, 21-10 से मात दी।
सिंधू की हार से भारत का चाइना ओपन अभियान भी खत्म हो गया क्योंकि साइना नेहवाल और एच एस प्रणय कल प्री क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गये थे। हैदराबाद की खिलाड़ी पिछले तीन हफ्तों से लगातार खेल रही है। उन्होंने डेनमार्क ओपन, फ्रेंच ओपन के बाद नागपुर में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया था। वह अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ थकी हुई लग रही थी और खेलते हुए जूझ रही थी। फांगजेई ने लगातार अलग तरह के शाट खेलते हुए लंबी रैलियों से दबदबा बनाये रखा। सिंधू अब अगले हफ्ते हांगकांग ओपन में खेलेंगी। वह इसके पिछले चरण के फाइनल्स में पहुंची थी।


Download Android App
Download iOS App



