नई दिल्ली : पूर्व कप्तान सरदार सिंह को हॉकी इंडिया की 13 सदस्यीय चयन समिति में शामिल किया गया है जिसके अध्यक्ष 1975 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य बी पी गोविंदा होंगे। सरदार सिंह ने पिछले साल एशियाई खेलों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद संन्यास ले लिया था। उन्होंने चयनसमिति में शामिल होने की पुष्टि की।
सरदार सिंह ने कहा, ‘‘हां, मुझे इस भूमिका की पेशकश की गयी और मैंने उसे स्वीकार कर लिया है। यह मेरे लिये नयी चुनौती है और मैं किसी भी तरह से भारतीय हॉकी की सेवा करना चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से भिन्न चुनौती और रोमांचक है। इतने वर्षों तक मैं खिलाड़ी रहा और अब मुझे नयी भूमिका निभाने का मौका मिला है।’’
चयनसमिति में हरबिंदर सिंह, सैयद अली, एबी सुब्बैया, आरपी सिंह, रजनीश मिश्रा, जायदीप कौर, सुरेंदर कौर, असुंता लाकड़ा, हाई परफोरमेन्स निदेशक डेविड जॉन और सीनियर पुरूष एवं महिला टीमों के मुख्य कोच शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



