सत्येंद्र सिंह के पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में स्वर्ण और संजीव राजपूत के रजत पदक सहित भारत ने आस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन सोमवार को समाप्त हुई राष्ट्रमंडल निशानेबाजी प्रतियोगिता में अपना अभियान छह स्वर्ण सहित 20 पदकों के साथ समाप्त किया। भारत ने एक सप्ताह चली इस प्रतियोगिता में छह स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदक जीते। इनमें एक स्वर्ण और एक रजत शॉटगन स्पर्धाओं से है जबकि बाकी राइफल और पिस्टल स्पर्धाओ से हैं।
सत्येंद्र और संजीव के अलावा चैन सिंह ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में आठ निशानेबाजों के लिए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। सत्येंद्र 1162 के स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन में दूसरे नंबर पर थे। उन्होंने प्रोन में 400 में से 394 का स्कोर कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अनुभवी निशानेबाज संजीव राजपूत 1158 के स्कोर के साथ तीसरे नंबर पर थे। चैन सिंह का भी इतना ही स्कोर था लेकिन कम टेन होने के कारण वह चौथे नंबर पर रहे।
फाइनल में सत्येंद्र ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई। राजपूत ने 45 शॉट के फाइनल में मुकाबला नजदीकी रखा। सत्येंद्र 454.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण जीतने में कामयाब रहे। राजपूत का स्कोर 453.3 रहा। चैन सिंह शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद पिछड़ते चले गये। आस्ट्रेलिया के डेन सैम्पसन को कांस्य पदक मिला। पुरुष ट्रैप स्पर्धा में बिरेनदीप सोढी ने छह निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 125 में से 118 का स्कोर किया और पांचवें स्थान पर रहे। सोढी को फाइनल में पहुंचने के बाद चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



