भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज इस समय रोमांचक मोड़ पर खड़ी है। सेंचुरियन में खेला गया पहला टेस्ट भारत ने 113 रन से जीता, फिर जोहान्सबर्ग टेस्ट अफ्रीका ने 7 विकेट से जीतकर अपने नाम किया और टेस्ट सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। अब निर्णायक मुकाबला 11 जनवरी से केपटाउन के मैदान पर खेला जाएगा। टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज जीतने के लिए फेवरेट माना जा रहा था, लेकिन केपटाउन से कुछ ऐसे आंकड़े सामने आ रहे हैं जो भारतीय टीम के लिए चिंता जनक हो सकते हैं।

दरअसल, केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर टीम इंडिया ने पिछले 29 सालों में एक भी टेस्ट नहीं जीता है। भारत ने यहां 5 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 3 में टीम को हार मिली है और दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। इस बार विराट एंड कंपनी से फैंस को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। भारतीय टीम अगर इस बार केपटाउन टेस्ट जीतने में सफल रही तो न सिर्फ इस मैदान पर 29 सालों के बाद अपनी जीत का खाता खोलेगी, बल्कि साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज पर भी पहली बार कब्जा कर लेगी।

पिछले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने कमाल का प्रदर्शन किया है। साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जमकर झड़प भी देखने को मिली थी। ऐसे में केपटाउन टेस्ट और भी कमाल का होने वाला है। दूसरे टेस्ट में अनफिट होने के चलते भारतीय टेस्ट कैप्टन विराट कोहली को प्लेइंग XI से बाहर बैठना पड़ा था, लेकिन केपटाउन में उनकी वापसी हो सकती है। जोहान्सबर्ग टेस्ट के दौरान कोहली को मैदान पर बैटिंग का अभ्यास करते हुए भी देखा गया था।


Download Android App
Download iOS App



