लंदन : दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने पहला सेट गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए यहां इटली की कैमिला जियार्जी को हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई जबकि अनुभवी एंजेलिक कर्बर भी अंतिम चार में प्रवेश करने में सफल रही। येलेना ओस्टापेंको विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली लातविया की पहली खिलाड़ी बनी जबकि जर्मनी की 36 साल की जूलिया जार्जेस भी अंतिम चार में पहुंची।
इस बीच पुरूष वर्ग में जुआन मार्टिन डेल पोत्रो ने भी जाइल्स सिमोन के खिलाफ दो दिन तक चला मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उनका सामना अब रफेल नडाल से होगा। सात बार की चैंपियन सेरेना ने पहला सेट गंवाने के बाद कैमिला को 3-6, 6-3, 6-4 से हराकर 11वीं बार आल इंग्लैंड में सेमीफाइनल का सफर तय किया। जब दुनिया की 52वें नंबर की खिलाड़ी कैमिला इस साल विंबडलन में इस अमेरिकी खिलाड़ी से सेट जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनी। दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ने हालांकि अगले दो सेट जीतकर ग्रास कोर्ट के मुख्य ड्रा में करियर की 100वीं जीत दर्ज की।


Download Android App
Download iOS App



