मुंबई : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड इस महीने में टीम इंडिया के कोच का चयन करेगा। बोर्ड ने कपिल देव की अध्यक्षता वाली 3 सदस्यीय सलाहकार समिति (सीएसी) को नया कोच चुनने की यह जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान कोच रवि शास्त्री को कोच चयन के लिए होने वाले इंटरव्यू में सीधे एंट्री मिली है। सूत्रों की मानें तो वर्तमान कोच रवि शास्त्री ही टीम इंडिया के कोच बने रह सकते हैं। उन्हें अगले दो सालों तक अपने कार्यकाल का एक्सटेंशन मिल सकता है। शास्त्री का कार्यकाल आगामी 2020 टी20 वर्ल्ड कप तक बढ़ाया जा सकता है।
अब से लेकर 2021 तक भारत को दो टी20 चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है, जिसमें वेस्ट इंडीज दौरे से ही टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत हो चुकी होगी। इसके बाद 2020 से आईसीसी की वनडे चैंपियनशिप की शुरुआत भी हो जाएगी। ऐसे में फिलहाल शास्त्री को ही यह जिम्मेदारी दी जा सकती है कि वह टीम इंडिया के लिए आगे की रणनीति तैयार करें। शास्त्री की कोचिंग में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 70 प्रतिशत है, जिसके तहत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज समते, एशिया कप के 2 खिताब, वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल तक का सफर भी शामिल है।
हालांकि इसके उलट उनकी ही कोचिंग में टीम इंडिया साउथ अफ्रीका में 1-2 से और इंग्लैंड में 1-4 से टेस्ट सीरीज भी गंवा चुकी है। इसके अलावा रवि शास्त्री कोच के रूप में टीम इंडिया की अभी भी पहली पसंद ही हैं। कप्तान विराट कोहली ने वेस्ट इंडीज रवाना होने से पहले मीडिया में बेझिझक यह बयान दिया था कि अगर शास्त्री कोच बनते हैं, तो उन्हें खुशी होगी। साल 2017 में भी शास्त्री विराट की पहली पसंद थे।
टीम इंडिया के मुख्य कोच पद के लिए आवदेन की तारीख मंगलवार को खत्म हो गई। इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलियाई कोच टॉम मूडी सबसे बड़ा नाम हैं। मूडी ने 2007 में आखिरी बार किसी नैशनल टीम को कोचिंग दी थी और वह लंबे समय से बतौर कोच आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हैं।


Download Android App
Download iOS App



